Sunday, July 13, 2025

आईडिया ऑफ़ भारत फाउंडेशन ने मंडी में भेजी राहत सामग्री

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 13 जुलाई 
हिमाचल प्रदेश के मंडी ज़िले में हाल ही में हुई मूसलधार बारिश, भूस्खलन और बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। कई इलाकों में मकान ढह गए, सड़कों का संपर्क टूट गया और सैकड़ों लोग बेघर हो गए। इसी संकट की घड़ी में 'आईडिया ऑफ़ भारत फाउंडेशन' ने आगे बढ़कर ज़रूरतमंदों तक राहत पहुंचाई है।
फाउंडेशन के अध्यक्ष राहुल शर्मा के नेतृत्व में एक समर्पित टीम ने प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री भेजी। सामग्री में पीने का पानी, तिरपाल, बिस्तर, बर्तन और अन्य ज़रूरी वस्तुएं शामिल थीं। यह सहायता स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से प्रभावितों तक पहुंचाई गई।
राहुल शर्मा ने बताया कि आपदा की इस घड़ी में पीड़ितों की मदद करना हमारा सामाजिक और मानवीय कर्तव्य है। यह केवल सामग्री भेजने का कार्य नहीं, बल्कि पीड़ितों के साथ भावनात्मक रूप से जुड़ने का प्रयास है।
उन्होंने बताया कि इस राहत अभियान में युवाओं, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। नूरपुर के निवासियों ने न केवल राहत सामग्री बल्कि आर्थिक सहयोग भी भेजा। इसके अलावा कई सामाजिक संगठनों ने भी इस मानवीय पहल में भागीदारी निभाई।
स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना की है।  
इस अवसर पर सेवानिवृत तहसीलदार प्रेम शर्मा, दर्शन सिंह, जोगिन्दर सिंह, राजकुमार, जसवंत पठानिया, रूवल शर्मा, सुनील महाजन, नीरज सिंह व निक्खु सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे।