Sunday, March 8, 2026

आधुनिक पब्लिक स्कूल जसूर: भानू ‘मिस्टर पर्सनेलिटी’ तथा रिया ‘मिस पर्सनेलिटी’ के खिताब से सम्मानित 

राकेश शर्मा (जसूर) 01 मार्च 2026

आधुनिक पब्लिक स्कूल में वार्षिक परीक्षा समाप्त होने के उपरांत कक्षा नवमी के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा दसवीं के छात्रों के लिए विद्यालय परिसर में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का वातावरण हर्षोल्लास और उत्साह से भरपूर रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा नवमी के छात्रों ने दसवीं कक्षा के सभी विद्यार्थियों को रोचक और आकर्षक टाइटल देकर की, जिससे पूरे परिसर में हँसी-खुशी का माहौल बन गया। इसके पश्चात प्रीति भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों और अध्यापकों को मिठाइयाँ एवं अन्य व्यंजन परोसे गए। इससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।
दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने भी अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उन्हें सुंदर एवं मनमोहक उपहार तथा विशेष टाइटल भेंट किए। इस अवसर पर छात्रों ने विद्यालय में बिताए अपने 13 वर्षों की मधुर स्मृतियों को साझा कर वातावरण को भावुक बना दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘मिस्टर एवं मिस फेयरवेल’ तथा ‘मिस्टर एवं मिस पर्सनेलिटी’ प्रतियोगिता रही। कक्षा नवमी के विद्यार्थियों ने राउंड-रॉबिन पद्धति के आधार पर प्रतियोगिता का आयोजन किया। क्विज, मॉडलिंग, ट्रुथ एंड डेयर तथा प्रश्न-उत्तर जैसे विभिन्न चरणों में दसवीं कक्षा के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के अंत में कक्षा दसवीं के छात्र आयुष को ‘मिस्टर फेयरवेल’ और शिवांगी को ‘मिस फेयरवेल’ चुना गया। वहीं भानू को ‘मिस्टर पर्सनेलिटी’ तथा रिया को ‘मिस पर्सनेलिटी’ के खिताब से सम्मानित किया गया। विजेताओं को सुंदर उपहार एवं टाइटल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने तथा विद्यार्थियों को आशीर्वाद देने के लिए विद्यालय के अध्यापकगण कीर्ति, निकिता, ललिता, अनुपमा, सुमन, गुलशन, मंजू, सुचेता, आंचल, दीपिका, सरला, वंदना, राजेश, रीना, मधु, लीना, अदिति एवं मोहित विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुशवीन पठानिया एवं निर्मल ठाकुर ने दसवीं कक्षा के सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे जीवन में उच्च मुकाम प्राप्त कर अपने विद्यालय और माता-पिता का नाम रोशन करें।
अंत में दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने विद्यालय को स्मृति-चिह्न भेंट कर कार्यक्रम का भावपूर्ण समापन किया।

मरीजों को प्रदेश में ही मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएंः मुख्यमंत्री

समाचार हिमाचल: 08 मार्च

 
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सिरमौर जिला के नाहन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने के उपरांत डॉक्टरों के साथ संवाद किया। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि वे आज उनकी बात सुनने आए हैं ताकि स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार किया जा सके। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी वह अन्य मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सकों के साथ इसी तरह संवाद कर चुके हैं ताकि चिकित्सकों के सुझावों को नीति में शामिल किया जा सके और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया जा सके।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज सिर्फ रैफरल स्वास्थ्य संस्थान बन कर रह गए हैं लेकिन इनमें सुधार करके प्रदेश में ही लोगों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मेडिकल सुविधाओं में सुधार के लिए हाई-एंड मेडिकल टेक्नोलॉजी ला रही है, जिसके लिए आने वाले समय में 3 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
 
श्री सुक्खू ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने सीनियर रेज़िडेंट डॉक्टरों का स्टाइपंड 40 हजार रुपए से बढ़ाकर 1 लाख रुपए किया है, जबकि सीनियर रेज़िडेंट सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों का स्टाइपंड एक लाख रुपए से बढ़ाकर 1.30 लाख रुपए किया गया है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों में पीजी की सीटें बढ़ाई जाएगी। मेडिकल कॉलेजों में छात्रों के लिए 60-60 के सेक्शन बनाए जाएंगे। उसी अनुपात में स्टाफ भी उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके।
 
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, विधायक एवं एचपीसीसी अध्यक्ष विनय कुमार, विधायक अजय सोलंकी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफ़िर, पूर्व विधायक किरनेश जंग व अजय बहादुर, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, महासचिव बाल कल्याण परिषद जैनब चंदेल, राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. एसपी कत्याल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, एपीएमसी सिरमौर के अध्यक्ष सीता राम शर्मा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष नासिर रावत, कांग्रेस नेता दयाल प्यारी, नसीमा बेगम, निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग पंकज ललित, उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।