Sunday, March 8, 2026

आधुनिक पब्लिक स्कूल जसूर: भानू ‘मिस्टर पर्सनेलिटी’ तथा रिया ‘मिस पर्सनेलिटी’ के खिताब से सम्मानित 

राकेश शर्मा (जसूर) 01 मार्च 2026

आधुनिक पब्लिक स्कूल में वार्षिक परीक्षा समाप्त होने के उपरांत कक्षा नवमी के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा दसवीं के छात्रों के लिए विद्यालय परिसर में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का वातावरण हर्षोल्लास और उत्साह से भरपूर रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा नवमी के छात्रों ने दसवीं कक्षा के सभी विद्यार्थियों को रोचक और आकर्षक टाइटल देकर की, जिससे पूरे परिसर में हँसी-खुशी का माहौल बन गया। इसके पश्चात प्रीति भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी विद्यार्थियों और अध्यापकों को मिठाइयाँ एवं अन्य व्यंजन परोसे गए। इससे कार्यक्रम की गरिमा और भी बढ़ गई।
दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने भी अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए उन्हें सुंदर एवं मनमोहक उपहार तथा विशेष टाइटल भेंट किए। इस अवसर पर छात्रों ने विद्यालय में बिताए अपने 13 वर्षों की मधुर स्मृतियों को साझा कर वातावरण को भावुक बना दिया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘मिस्टर एवं मिस फेयरवेल’ तथा ‘मिस्टर एवं मिस पर्सनेलिटी’ प्रतियोगिता रही। कक्षा नवमी के विद्यार्थियों ने राउंड-रॉबिन पद्धति के आधार पर प्रतियोगिता का आयोजन किया। क्विज, मॉडलिंग, ट्रुथ एंड डेयर तथा प्रश्न-उत्तर जैसे विभिन्न चरणों में दसवीं कक्षा के सभी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के अंत में कक्षा दसवीं के छात्र आयुष को ‘मिस्टर फेयरवेल’ और शिवांगी को ‘मिस फेयरवेल’ चुना गया। वहीं भानू को ‘मिस्टर पर्सनेलिटी’ तथा रिया को ‘मिस पर्सनेलिटी’ के खिताब से सम्मानित किया गया। विजेताओं को सुंदर उपहार एवं टाइटल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने तथा विद्यार्थियों को आशीर्वाद देने के लिए विद्यालय के अध्यापकगण कीर्ति, निकिता, ललिता, अनुपमा, सुमन, गुलशन, मंजू, सुचेता, आंचल, दीपिका, सरला, वंदना, राजेश, रीना, मधु, लीना, अदिति एवं मोहित विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुशवीन पठानिया एवं निर्मल ठाकुर ने दसवीं कक्षा के सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे जीवन में उच्च मुकाम प्राप्त कर अपने विद्यालय और माता-पिता का नाम रोशन करें।
अंत में दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने विद्यालय को स्मृति-चिह्न भेंट कर कार्यक्रम का भावपूर्ण समापन किया।

मरीजों को प्रदेश में ही मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएंः मुख्यमंत्री

समाचार हिमाचल: 08 मार्च

 
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सिरमौर जिला के नाहन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण करने के उपरांत डॉक्टरों के साथ संवाद किया। उन्होंने चिकित्सकों से कहा कि वे आज उनकी बात सुनने आए हैं ताकि स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार किया जा सके। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी वह अन्य मेडिकल कॉलेजों में चिकित्सकों के साथ इसी तरह संवाद कर चुके हैं ताकि चिकित्सकों के सुझावों को नीति में शामिल किया जा सके और मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया जा सके।
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज सिर्फ रैफरल स्वास्थ्य संस्थान बन कर रह गए हैं लेकिन इनमें सुधार करके प्रदेश में ही लोगों को बेहतर सेवाएं प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मेडिकल सुविधाओं में सुधार के लिए हाई-एंड मेडिकल टेक्नोलॉजी ला रही है, जिसके लिए आने वाले समय में 3 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
 
श्री सुक्खू ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने सीनियर रेज़िडेंट डॉक्टरों का स्टाइपंड 40 हजार रुपए से बढ़ाकर 1 लाख रुपए किया है, जबकि सीनियर रेज़िडेंट सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों का स्टाइपंड एक लाख रुपए से बढ़ाकर 1.30 लाख रुपए किया गया है। इसके अलावा मेडिकल कॉलेजों में पीजी की सीटें बढ़ाई जाएगी। मेडिकल कॉलेजों में छात्रों के लिए 60-60 के सेक्शन बनाए जाएंगे। उसी अनुपात में स्टाफ भी उपलब्ध करवाया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके।
 
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, विधायक एवं एचपीसीसी अध्यक्ष विनय कुमार, विधायक अजय सोलंकी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफ़िर, पूर्व विधायक किरनेश जंग व अजय बहादुर, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष विद्या नेगी, महासचिव बाल कल्याण परिषद जैनब चंदेल, राज्य खाद्य आयोग के अध्यक्ष डॉ. एसपी कत्याल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, एपीएमसी सिरमौर के अध्यक्ष सीता राम शर्मा, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष नासिर रावत, कांग्रेस नेता दयाल प्यारी, नसीमा बेगम, निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग पंकज ललित, उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, पुलिस अधीक्षक निश्चिंत नेगी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Sunday, February 1, 2026

केंद्रीय बजट 2026 को भाजपा नेताओं ने बताया जनकल्याणकारी और दूरदर्शी

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 01 फरवरी
केंद्रीय बजट 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक जिला नूरपुर में भारी उत्साह देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक जिला नूरपुर के जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से केंद्रीय बजट की प्रस्तुति का लाइव प्रसारण देखा और सुना। 
इस अवसर पर जिला सह प्रभारी एवं प्रदेश प्रवक्ता विनय शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का तथा जिला अध्यक्ष राजेश काका विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नेताओं ने केंद्रीय बजट को विकसित भारत की दिशा में एक मजबूत और दूरदर्शी कदम बताया। उन्होंने कहा कि बजट में गरीब, किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग के कल्याण को प्राथमिकता दी गई है। बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन और ग्रामीण विकास से जुड़े प्रावधानों की विशेष रूप से सराहना की गई।
वक्ताओं ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और अधिक सशक्त करता है तथा हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों के विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा। जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से बजट के जनकल्याणकारी प्रावधानों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Monday, January 26, 2026

नूरपुर में हर्षोल्लास से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस समारोह

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 26 जनवरी  
उपमंडल स्तरीय 77वां गणतंत्र दिवस समारोह स्थानीय राजकीय आर्य डिग्री कॉलेज परिसर में हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में उपमंडलाधिकारी अरुण शर्मा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा पुलिस, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड व होमगार्ड की टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली।
इस अवसर पर एसडीएम अरुण शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 भारतीय लोकतंत्र का ऐतिहासिक दिन है, जब देश ने अपना संविधान लागू कर स्वयं को एक संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित किया।
उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। डॉ. भीमराव अंबेडकर के नेतृत्व में निर्मित संविधान आज भी देश की एकता और अखंडता का मजबूत आधार है। उन्होंने युवाओं से संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम बने आकर्षण का केंद्र
समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, हिमाचली नाटी, पंजाबी गिद्दा एवं देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा।
प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित
समारोह के अंत में एसडीएम अरुण शर्मा द्वारा मार्च पास्ट एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में एसपी कुलभूषण वर्मा,डीएसपी चंद्रपाल, तहसीलदार राधिका सैनी,एसएचओ सुरिंदर धीमान,एनपीएस स्कूल के प्रिंसिपल अरविंद डोगरा, बॉयज स्कूल की प्रिंसिपल सुनीता सागर ,बीटीसी गर्ल्स स्कूल के प्रिंसिपल केसी दयोल सहित विभिन्न स्कूलों के बच्चे, अभिभावक तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

औद्योगिक इकाइयाँ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में निभा रही महत्वपूर्ण भूमिका: राधिका सैनी

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 26 जनवरी 2026
 
गणतंत्र दिवस के अवसर पर तहसीलदार नूरपुर, राधिका सैनी ने प्रमुख व्यापारिक कस्वा जसूर स्थित काशवी इंटरप्राइजेज में  मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचीं। इस अवसर पर काशवी इंटरप्राइजेज के संचालक सन्नी नागर एवं उनकी पत्नी रसीका नागर ने तहसीलदार राधिका सैनी का स्वागत किया।
दौरे के दौरान तहसीलदार राधिका सैनी ने इकाई में कार्यरत महिलाओं से मुलाकात की और उनके कार्य, कार्य वातावरण तथा उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्य की सराहना करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।
तहसीलदार राधिका सैनी ने कहा कि इस प्रकार की औद्योगिक इकाइयाँ स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन में अहम भूमिका निभा रही हैं और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं।
इस अवसर पर काशवी इंटरप्राइजेज के संचालक सन्नी नागर ने बताया कि भविष्य में जसूर क्षेत्र में और अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे स्थानीय युवाओं और महिलाओं को लाभ मिलेगा।

Thursday, January 1, 2026

माइनिंग बेल्ट को प्राथमिकता, शेष पंचायतें उपेक्षित: नूरपुर में विधायक निधि पर सवाल

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 01 जनवरी 2026 
नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक निधि के कथित असमान वितरण को लेकर रणजीत बख्शी जनकल्याण सभा के अध्यक्ष अकिल बख्शी ने विधायक रणबीर सिंह निक्का पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अकिल बख्शी ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर विधायक निधि के उपयोग में अनियमितताओं पर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि नूरपुर की कुछ पंचायतों को लाखों रुपये की विधायक निधि प्रदान की गई, जबकि कई पंचायतों को एक रुपया भी नहीं मिला। अकिल बख्शी के अनुसार माइनिंग बेल्ट से जुड़ी चार पंचायतों को एक ही वर्ष में विधायक निधि से 36 लाख रुपये दिए गए, जबकि दूसरी ओर 25 पंचायतों को कुल मिलाकर केवल 30 लाख रुपये ही आवंटित किए गए। इस हिसाब से प्रति पंचायत औसतन मात्र 1 लाख 20 हजार रुपये ही मिले।
अकिल बख्शी ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक रणबीर सिंह निक्का ने अपने निजी व्यापारिक हितों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उद्योग विभाग पर माइनिंग से जुड़ी नई नीति बनाने और खनन क्षमता बढ़ाने का दबाव बनाया, जिससे अवैध खनन गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने विधायक द्वारा चुनाव आयोग को दिए गए शपथपत्र में दर्शाई गई निजी संपत्तियों पर भी सवाल खड़े किए। अकिल बख्शी का कहना है कि पिछले तीन वर्षों में नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में कोई भी नई विकास योजना नहीं आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक प्राथमिकता योजना के तहत एक भी प्रस्ताव विधायक की ओर से नहीं भेजा गया, जिसके चलते नूरपुर को लगभग 16 विकास परियोजनाओं का नुकसान हुआ है।