
भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक जिला नूरपुर के जसूर स्थित जिला कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा विभिन्न क्षेत्रों में प्राप्त उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित जनसमूह ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।
इसके उपरांत भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा की ओर से प्राकृतिक खेती विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों एवं उपस्थित लोगों को प्राकृतिक खेती के महत्व, इसके लाभों तथा पर्यावरण संरक्षण और कृषि लागत में कमी लाने में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने किसानों से प्राकृतिक खेती को अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महान राष्ट्रवादी चिंतक एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, भाजपा संगठनात्मक जिला नूरपुर के जिला अध्यक्ष राजेश काका, पूर्व विधायक इंदौरा रीता धीमान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ तथा उपस्थित जनसमूह ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के संकल्प को दोहराया।