Sunday, August 16, 2026

उपेश राणा ने कबड्डी के सेमीफाइनल में दिखाया दम, मैन ऑफ द मैच बनकर बढ़ाया नूरपुर का मान

राकेश शर्मा (जसूर) 16 अगस्त 2026
विकास खंड नूरपुर की पंचायत खैरियां के युवा कबड्डी खिलाड़ी उपेश राणा ने शिमला जिले के ठियोग में आयोजित अंडर-17 कबड्डी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चल रही इस प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले में 16 वर्षीय उपेश के दमदार खेल को देखते हुए उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
सेमीफाइनल मुकाबले में उपेश ने रेडिंग और डिफेंस दोनों मोर्चों पर प्रभावी खेल का प्रदर्शन किया। उनकी तेजी, आक्रामक अंदाज और मजबूत रक्षात्मक खेल ने टीम को अहम बढ़त दिलाने में योगदान दिया। पूरे मुकाबले के दौरान उपेश ने आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मैच के बाद उनके प्रदर्शन को देखते हुए आयोजकों की ओर से उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। इतनी कम उम्र में मिली इस उपलब्धि से ग्राम पंचायत खैरियां सहित नूरपुर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उपेश की सफलता को क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायक माना जा रहा है।
वहीं लोग उपेश की इस उपलब्धी पर उसे और उसके परिजनों को बधाइयाँ दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाशाली युवाओं की कमी नहीं है, लेकिन उन्हें अपनी क्षमता दिखाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण और उचित मंच की आवश्यकता है। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि उपेश भविष्य में भी मेहनत और अनुशासन के साथ खेल को आगे बढ़ाते हुए नित नई उपलब्धियां हासिल कर जिला व प्रदेश स्तर पर नूरपुर और खैरियां पंचायत का नाम रोशन करेंगे।

Saturday, August 1, 2026

नूरपुर के गुरचाल (मलेरा) की बेटी साक्षी शर्मा ने HPSET परीक्षा उत्तीर्ण कर किया क्षेत्र का नाम रोशन

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 01 अगस्त 2026 

विकासखंड नूरपुर के गुरचाल के साथ लगते छोटे से गांव मलेरा की प्रतिभाशाली बेटी साक्षी शर्मा ने हिमाचल प्रदेश स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट (HPSET) परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 
साक्षी की इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। लोग उन्हें और परिवार को लगातार बधाइयां दे रहे हैं। यह जानकारी देते हुए साक्षी शर्मा के मामा जो कि पेशे से शिक्षक है ने कहा कि साक्षी शर्मा की सफलता उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन का परिणाम है। यह उपलब्धि हमारे क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा स्रोत है और युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सीख देती है। 
समाचार हिमाचल की ओर से साक्षी शर्मा को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्जवल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएं।