Saturday, April 25, 2026

माच्छी भवन क्रिकेट प्रतियोगिता: विजेता को 15, उपविजेता टीम को मिलेंगे 11 हजार

 
राकेश शर्मा (जसूर) 25 अप्रैल  
 
उपमंडल नूरपुर के तहत मठोली में शीतला माता मंदिर यूथ क्लब माच्छी भवन के सौजन्य से दो दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारम्भ शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। इस प्रतियोगिता में लगभग 25 टीमें भाग ले रही हैं, जिससे क्षेत्र में खेलों के प्रति युवाओं के बढ़ते रुझान का अंदाजा लगाया जा सकता है।
 
प्रतियोगिता के विजेता को 15 हजार रुपये व ट्रॉफी, जबकि उपविजेता टीम को 11 हजार रुपये व ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा ‘मैन ऑफ द सीरीज’ खिलाड़ी को 1100 रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा, जिसे लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
 
कार्यक्रम का शुभारम्भ ब्लॉक कांग्रेस नूरपुर के अध्यक्ष संदेश डडवाल एवं हिमाचल प्रदेश इको टूरिज्म के निदेशक विक्रम पठानियां ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर क्लब के सदस्यों ने दोनों मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने क्लब को प्रोत्साहन स्वरूप 21 हजार रुपये की राशि भी प्रदान की।
 
अपने संबोधन में दोनों अतिथियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने और खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं न केवल प्रतिभाओं को मंच देती हैं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी करती हैं।
 
इस अवसर पर क्लब के सदस्य, स्थानीय गणमान्य लोग तथा विभिन्न टीमों के खिलाड़ी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। 

Wednesday, April 22, 2026

काथल में रक्तदान शिविर शुक्रवार को, 150 यूनिट संग्रह का लक्ष्य: मुखी सुरेश कुमार

राकेश शर्मा (जसूर) 22 अप्रैल 2026
उपमंडल नूरपुर के अंतर्गत काथल स्थित शाखा के-106 जोन कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) द्वारा 24 अप्रैल 2026, शुक्रवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक “निरंकारी संत समागम रक्तदान शिविर” का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर मानव एकता दिवस के उपलक्ष्य में संत निरंकारी सत्संग भवन काथल में आयोजित किया जायेगा।
संत निरंकारी सत्संग भवन काथल के शाखा मुखी, सुरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि इस बार 150 यूनिट रक्त एकत्रित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसके लिए सुरेश कुमार ने सभी से बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महादान है जो जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को इस पुनीत कार्य में भागीदारी निभानी चाहिए।
आयोजकों ने क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर रक्तदान करें और मानवता की सेवा में अपना योगदान दें। यह शिविर संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।

जसूर प्रेस क्लब चुनाव: फिर बरकरार रहा भरोसा, अश्वनी शर्मा सर्वसम्मति से बने प्रधान

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 22 अप्रैल 2026 
जसूर प्रेस क्लब का वार्षिक चुनाव बुधवार को जसूर स्थित होटल शगुन पैराडाइज में संपन्न हुआ। इस दौरान प्रधान पद के लिए हुए चुनाव में वरिष्ठ सदस्य अश्वनी शर्मा को सर्वसम्मति से दोबारा क्लब का प्रधान चुना गया। साथ ही उन्हें नई कार्यकारिणी के गठन और विस्तार के लिए अधिकृत किया गया।
प्रधान पद पर पुनः निर्वाचित होने के बाद अश्वनी शर्मा ने क्लब के सभी सदस्यों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सदस्यों द्वारा व्यक्त किया गया यह विश्वास उनके लिए जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे क्लब की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पहले की तरह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा, क्लब के समग्र विकास और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। साथ ही क्षेत्र के ज्वलंत जनसमस्याओं को प्रशासन के सहयोग से हल करवाने तथा पत्रकारों के सामने आने वाली कठिनाइयों को सरकार और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया, जिसमें राकेश भारती को चेयरमैन, ऋषि महाजन को उपप्रधान, सचिन शर्मा को सचिव, रघुनाथ शर्मा और अर्पण चावला को सह-सचिव, मुनीश महाजन को कोषाध्यक्ष, भूषण शर्मा को मुख्य सलाहकार, राकेश संजू को सलाहकार, संजीव महाजन को मीडिया प्रभारी, रमन राणा और राकेश शर्मा को मुख्य प्रवक्ता तथा कर्ण क्लोत्रा और अजय ठाकुर को सह मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान क्लब के सभी सदस्य मौजूद रहे। 

Sunday, April 19, 2026

झोलाछाप इलाज आपके घुटनों को और बिगाड़ सकता है: डॉ. कार्तिक सैनी

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 19 अप्रैल 2026 
नूरपुर के सिविल अस्पताल के ऑर्थो विशेषज्ञों ने लोगों को कड़ी चेतावनी दी है कि बिना योग्य डॉक्टर की सलाह के मालिश, गलत इंजेक्शन या तथाकथित देसी उपचार अपनाना खतरनाक साबित हो सकता है। इससे न केवल दर्द बढ़ता है, बल्कि स्थिति गंभीर हो जाती है और ठीक होने में अधिक समय लगता है। कई मामलों में स्थायी नुकसान तक हो सकता है।
इधर, सिविल अस्पताल नूरपुर की ऑर्थो ओपीडी में घुटनों के दर्द और अकड़न से परेशान मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अस्पताल में कार्यरत ऑर्थो विशेषज्ञ डॉ. कार्तिक सैनी के अनुसार, 50 से 55 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों में यह समस्या सबसे अधिक देखी जा रही है।
डॉ. कार्तिक सैनी ने बताया कि घुटने का गठिया, जिसे ऑस्टियोआर्थराइटिस कहा जाता है, एक ऐसी बीमारी है जिसमें घुटनों की कार्टिलेज धीरे-धीरे घिसने लगती है। इसके कारण हड्डियों के बीच रगड़ बढ़ जाती है और मरीज को दर्द, सूजन तथा चलने-फिरने में दिक्कत होने लगती है।
डॉ. सैनी के अनुसार इस बीमारी के प्रमुख लक्षणों में लगातार दर्द रहना, सूजन आना, घुटनों में अकड़न महसूस होना, चलने में परेशानी होना, घुटने का डगमगाना, अचानक लॉक हो जाना और समय के साथ टेढ़ापन आना शामिल है। यह समस्या बढ़ती उम्र, मोटापा, पुरानी चोट, पारिवारिक इतिहास और महिलाओं में अधिक देखने को मिलती है।
इलाज को लेकर फैली गलतफहमियों पर भी डॉ. सैनी ने स्पष्ट किया कि शुरुआती अवस्था में वजन कम करना, नियमित व्यायाम और दवाइयों से राहत मिल सकती है, लेकिन उन्नत स्थिति में घुटना प्रत्यारोपण एक प्रभावी और स्थायी विकल्प होता है। 
उन्होंने कहा कि सर्जरी को टालना हमेशा सही नहीं होता, जरूरत पड़ने पर समय पर ऑपरेशन कराना बेहतर रहता है। दवाइयां केवल अस्थायी राहत देती हैं और तेल, मालिश या एक्यूप्रेशर से स्थायी इलाज संभव नहीं है। अधिक उम्र में सर्जरी असुरक्षित होने की धारणा भी गलत है, क्योंकि फिट मरीजों में यह पूरी तरह सुरक्षित होती है। आधुनिक तकनीक के कारण ऑपरेशन के दौरान और बाद में दर्द को नियंत्रित किया जाता है और मरीज कुछ ही हफ्तों में सामान्य जीवन में लौट सकता है।
डॉ. कार्तिक सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि सिविल अस्पताल नूरपुर में घुटना और हिप प्रत्यारोपण की सर्जरी नियमित रूप से की जा रही है। बीते एक वर्ष में यहां करीब 45 से 50 सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं, जिनमें 67 वर्षीय मरीज का घुटना प्रत्यारोपण भी शामिल है।
डॉ. सैनी ने लोगों से अपील की है कि समय पर योग्य विशेषज्ञ से उपचार करवाएं। सही इलाज न केवल दर्द से राहत दिलाता है, बल्कि जीवन की गुणवत्ता को भी बेहतर बनाता है।

भाजपा संगठनात्मक जिला नूरपुर जिला पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 19 अप्रैल 2026
 
भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक जिला नूरपुर के जिला पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राजेश काका ने की। बैठक में जिला सह-प्रभारी विनय शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
 
बैठक के दौरान विनय शर्मा ने संगठन के अब तक किए गए कार्यों की गहन समीक्षा प्रस्तुत की और आने वाले कार्यक्रमों व गतिविधियों के लिए विस्तृत रूपरेखा साझा की। उन्होंने पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए हर कार्यकर्ता को अपनी भूमिका जिम्मेदारी, ईमानदारी और पूर्ण सक्रियता के साथ निभानी होगी।
 
इस अवसर पर राजेश काका ने अपने विचार रखते हुए कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका मजबूत संगठन है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को प्रेरित किया कि वे केंद्र सरकार और प्रदेश स्तर की जनहितकारी योजनाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने में सक्रिय योगदान दें। साथ ही उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की सफलता के लिए टीम भावना, बेहतर समन्वय और पूर्ण सहभागिता पर विशेष बल दिया।