Monday, December 8, 2025

गुरचाल में लटका रेन शेल्टर निर्माण, गद्दी कल्याण बोर्ड सदस्य ने दिया अंतिम अल्टीमेटम

राकेश शर्मा (समाचार हिमाचल) 08 नवंबर 

गुरचाल गांव में रेन शेल्टर और आरसीसी क्लबर्ट निर्माण की मांग लंबे समय से अधर में लटकी हुई है, जिस पर कोई प्रगति न होने के चलते ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर हिमाचल प्रदेश गद्दी कल्याण बोर्ड के सदस्य जगदीश चौहान ने लोक निर्माण विभाग सुल्याली के सहायक अभियंता को तीसरी बार ज्ञापन सौंपकर एक माह के भीतर कार्रवाई करने का अंतिम अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय में कार्य प्रारंभ नहीं किया गया तो यह मसला सीधे प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री के समक्ष उठाया जाएगा।
गौरतलब है कि गुरचाल गांव के 41 ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर बस स्टॉप पर रेन शेल्टर तथा क्लबर्ट निर्माण की मांग की थी। बारिश के दिनों में स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
10 जुलाई 2025 को ग्रामीणों ने सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा था, जिसके बाद 19 जुलाई 2025 को एसडीएम नूरपुर ने भी विभाग को कार्रवाई के निर्देश दिए थे, मगर अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया। 28 अगस्त 2025 को स्मरण पत्र भेजने के बाद भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया, जिससे स्थानीय लोग नाराज हैं।
इसी संबंध में आज ग्राम पंचायत गुरचाल के प्रधान खुशबंत चौहान ने अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग नूरपुर, मोहिंदर पाल धीमान से मुलाकात कर समस्या से अवगत करवाया। अधीक्षण अभियंता ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment