हिमाचल प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, खनन और नशा माफिया के बढ़ते प्रभाव तथा कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 27 मार्च को शिमला में एक विशाल हल्ला बोल प्रदर्शन करने जा रही है। इस प्रदर्शन में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता हजारों की संख्या में भाग लेंगे।
कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने प्रदेश के कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में अराजकता बढ़ी है। संस्थानों को बंद किया जा रहा है, भ्रष्टाचार चरम पर है, और जनता की समस्याओं की सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खनन माफिया, कबाड़ माफिया और चिट्टा माफिया का राज चल रहा है, जिससे आम जनमानस परेशान है।
सांसद डॉ. भारद्वाज ने कांगड़ा-चंबा लोकसभा क्षेत्र के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से 27 मार्च को सुबह 11:00 बजे शिमला के चौड़ा मैदान में होने वाले इस विशाल धरना प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन कांग्रेस सरकार की विफलताओं को उजागर करने और प्रदेश में भाजपा की मजबूती का संदेश देने के लिए महत्वपूर्ण है।
डॉ. भारद्वाज ने कहा, "अब समय आ गया है कि इस जनविरोधी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंका जाए और प्रदेश में भाजपा की सरकार को पुनः स्थापित किया जाए।" उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इस आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
No comments:
Post a Comment