Saturday, March 16, 2019

बीएलओ 19 मार्च तक पात्र दिव्यांग व्यक्तियों के नए वोट हेतु पंजीकरण करें सुनिश्चित

राकेश शर्मा : जसूर : 15.03.2019 

लोकसभा चुनाव-2019 में मतदान के दौरान दिव्यांग व्यक्तियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान के दिन उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के संदर्भ में अवगत करवाने के लिए आज यहां इंदौरा तथा नूरपुर विधानसभा क्षेत्रों के दिव्यांग व्यक्तियों के लिये चुनाव कार्यालय नूरपुर द्वारा कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता  निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एसडीएम) नूरपुर डॉ सुरेंद्र ठाकुर ने की ।
      इस कार्यशाला में  45 दिव्यांग मतदाताओं के अतिरिक्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा बूथ लेवल अधिकारियों ने भाग लिया।
     इस अवसर पर बोलते हुए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एसडीएम) नूरपुर ने बताया कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य 
1 जनवरी, 2019 को 18 वर्ष के पंजीकरण से छूट गए पात्र युवाओं विशेषकर दिव्यांग व्यक्तियों को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के लिये प्रेरित करने के अलावा उन्हें मतदान के दिन मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जागरूक करना है।

     उन्होंने सभी बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्र  में वोट पंजीकरण से छूट गए शारीरिक रूप से अक्षम व्यक्तियों का 19 मार्च से पूर्व घर-घर जाकर पंजीकरण सुनिश्चित बनाने  के निर्देश दिए।
     उन्होंने सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी अपने कार्यक्षेत्र के तहत पंजीकरण से छूट गये पात्र दिव्यांग व्यक्तियों  की सूची 19 मार्च से पूर्व संबंधित बीएलओ को सौंपने के निर्देश दिए।
      एसडीएम ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशानुसार सभी बीएलओ को अपने-अपने पोलिंग बूथ पर 23 मार्च से पूर्व  चुनाव पाठशाला आयोजित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि इस चुनाव पाठशाला के आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा मतदान प्रक्रिया में उनकी अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित बनाना है। उन्होंने  कहा कि इस पाठशाला में 14 से 17 वर्ष की आयु वर्ग के युवाओं, नए पंजीकृत मतदाताओं,  दिव्यांग लोगों, महिलाओं तथा वरिष्ठ नागरिकों को शामिल किया जाए तथा उन्हें इस चुनावी प्रक्रिया बारे  पूर्ण जानकारी देना सुनिश्चित की जाए।      
       उन्होंने कहा कि पंजीकरण से छूट गए पात्र युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने और सभी लोगों को अपने मताधिकार बारे शिक्षित एवं जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। इस  अभियान के तहत मतदाताओं को व्यवस्थित रूप से शिक्षित करके चुनाव में उनकी भागीदारी बढ़ाने पर विशेष रूप से बल दिया जा रहा है।  
   इस अवसर पर चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी उपस्थित लोगों को  छुटे पात्र मतदाताओं का पंजीकरण करने, उन्हें वोट के महत्व बारे शिक्षित करने तथा अधिक से अधिक  मतदान करने के लिए जागरुक व प्रेरित करने के संकल्प से कार्य करने की भी शपथ दिलाई गई।
    
   इस अवसर पर नूरपूर के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (तहसीलदार) डॉ गणेश ठाकुर ने भी चुनाव प्रक्रिया पर जानकारी दी। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से आदर्श चुनाव आचार सहिंता की पूर्ण अनुपालना सुनिश्चित बनाने पर बल दिया। 

     इस मौके पर  उपस्थित लोगों को ईवीएम व वीवीपैट  की प्रक्रिया बारे भी बारीकी से जानकारी  दी गई।
       इस अवसर पर  सेल्फी व सिग्नेचर वॉल के माध्यम से भी उपस्थित लोगों को शिक्षित किया गया। 
           
       रैली का आयोजन
 इस मौके पर  लोगों को वोट बनवाने, वोट के महत्व बारे जागरूक करने के लिये नूरपुर शहर में रैली का भी आयोजन किया गया।
     ये रहे मौजूद
  इस अवसर पर तहसीलदार इंदौरा ज्ञान चंद ठाकुर, सीडीपीओ ओम प्रकाश ठाकुर, तहसील कल्याण अधिकारी राजेंद्र मोहन शर्मा,  नूरपुर की सीडीपीओ सुरेंद्रा राणा, तहसील कल्याण अधिकारी सुंदरी राणा, निर्वाचन कानूनगो संजय शर्मा  सहित अन्य गण्यमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment